जुगसलाई में प्रस्तावित शराब दुकान का स्थानीय लोगों ने किया विरोध, अनुमति रद्द करने की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जुगसलाई क्षेत्र में प्रस्तावित नई शराब की दुकान खोलने के विरोध में स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से अनुमति रद्द करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर शराब की दुकान खोले जाने की तैयारी है, उसके सामने मंदिर स्थित है तथा आसपास कपड़े और ज्वेलरी की कई दुकानें हैं, जहां बड़ी संख्या में पुरुष और महिला कर्मचारी कार्यरत हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस स्थान पर शराब की दुकान खुलने से क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उनका कहना है कि शराब की दुकान के कारण असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ने, कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने और महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। साथ ही इससे क्षेत्र का सामाजिक और धार्मिक माहौल भी प्रभावित हो सकता है।
निवासियों ने प्रशासन को दिए आवेदन में कहा है कि यह इलाका आवासीय और व्यावसायिक होने के साथ-साथ धार्मिक स्थल के निकट भी है। ऐसे में शराब दुकान खोलने से पहले संबंधित नियमों और मानकों की गहन जांच की जानी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि जनहित और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित शराब की दुकान को अनुमति नहीं दी जाए। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। स्थानीय नागरिकों ने स्पष्ट किया है कि वे क्षेत्र के शांतिपूर्ण वातावरण और सामाजिक सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं चाहते।

