दमाकी-मानपुर सड़क की बदहाली पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, शीघ्र मरम्मत की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: पोटका प्रखंड के दमाकी से मानपुर जाने वाली मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय ग्रामीणों, शिक्षकों और छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। वर्षों से बदहाल पड़ी सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है, जबकि बारिश के मौसम में दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार लिखित एवं मौखिक शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन कई गांवों के लोग, स्कूली बच्चे और शिक्षक आवागमन करते हैं, जिन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने अविलंब सड़क की मरम्मत कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उनका कहना है कि सड़क की बदहाली अब क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा और दैनिक जीवन के लिए गंभीर समस्या बन चुकी है।

