सिदगोड़ा टाउन हॉल में लेम्प्स सशक्तिकरण कार्यशाला, किसानों को दी गई आधुनिक खेती की जानकारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 19 सितम्बर : सिदगोड़ा टाउन हॉल में शुक्रवार को एक दिवसीय बहुदेशीय सहकारी समिति (लेम्प्स) सशक्तिकरण कार्यशाला आयोजित हुई। मुख्य अतिथि एडीसी भगीरथ प्रसाद ने कहा कि सहकारी समितियां किसानों को संगठित कर उत्पादन क्षमता और बाजार में उचित मूल्य दिलाने में मददगार होंगी।
कार्यशाला में सहकारिता पदाधिकारी आशा टोप्पो व कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को उन्नत बीज, मृदा परीक्षण, सिंचाई, जैविक खाद और आधुनिक तकनीक से कम लागत में अधिक उत्पादन के बारे में जानकारी दी। लेम्प्स के पदाधिकारियों को गांव-गांव तक नई तकनीक पहुंचाने का प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए किसानों ने कार्यशाला से आधुनिक खेती व अधिक मुनाफे के उपाय सीखने की बात कही।

