ग्रेजुएशन पास छात्रों के साथ अन्याय बंद करे कोल्हान विश्वविद्यालय : युवा जदयू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। कोल्हान विश्वविद्यालय द्वारा ग्रेजुएशन पास छात्रों के लंबित GE-1 और GE-2 विषयों की परीक्षा आयोजित न करने को लेकर युवा जदयू ने कड़ा विरोध जताया है। युवा जदयू नेता हेमंत पाठक के नेतृत्व में छात्रों ने प्राचार्य का घेराव कर अपनी समस्याएं रखीं।

नेताओं का कहना है कि सत्र 2017-20 से लेकर 2021-24 तक की पढ़ाई पूरी करने वाले छात्रों की 4 विषयों की परीक्षा विश्वविद्यालय की लापरवाही के कारण नहीं कराई गई। अब विश्वविद्यालय ने देर से परीक्षा आयोजित करने का फैसला किया है, लेकिन नोटिस में लिखा है कि “इच्छुक विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं” और पुराने मार्कशीट में बदलाव नहीं होगा। अलग से नया मार्कशीट दिया जाएगा, जिससे छात्रों के भविष्य पर नकारात्मक असर पड़ेगा।

छात्रों ने मांग की कि –
अतिरिक्त 480 रुपये का शुल्क न लिया जाए, पुराने मार्कशीट में ही अंक जोड़कर नया प्रमाणपत्र जारी किया जाए, बिना तैयारी परीक्षा न ली जाए और असफल होने पर पुनः परीक्षा का अवसर दिया जाए, माइग्रेशन ले चुके छात्रों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। युवा जदयू ने चेतावनी दी है कि अगर छात्रों के हित में शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन किया जाएगा।



