जमशेदपुर में 48 घंटे की अखंड धूनी तपस्या शुरू, विश्व कल्याण के लिए साधना में जुटा किन्नर अखाड़ा
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर के दुमुहानी संगम तट स्थित श्री पंच दशनाम जूना किन्नर अखाड़ा (झारखंड) के महामाई बगलामुखी धाम में गुरुवार से 48 घंटे की अखंड धूनी तपस्या की शुरुआत हुई है. धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व वाले इस विशेष अनुष्ठान में बड़ी संख्या में किन्नर समाज के साथ- साथ अन्य श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है.
इसका नेतृत्व श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर अमरजीत नंद गिरी जी कर रहे है. उनके साथ महंत आनंदी नंद गिरी जी, महंत सूरज घोष जी एवं अन्य शिष्यगण भी तपस्या और धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हैं. सभी किन्नर समुदाय से आते है. आयोजकों के अनुसार ज्येष्ठ मास में आयोजित होने वाली यह अखंड धूनी तपस्या साधना, आराधना और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष केंद्र मानी जाती है. दो दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम में पूजा- अर्चना, साधना एवं विशेष अनुष्ठान संपन्न होंगे.
आयोजकों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बनने और आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है. दुमुहानी संगम तट स्थित महामाई बगलामुखी धाम में होने वाले इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है. महामंडलेश्वर अमरजीत गिरी ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य विश्व कल्याण है.

