कार्तिक पूर्णिमा पर जमशेदपुर के नदी घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, दोमुहानी संगम पर विधायक सरयू राय ने लगाई आस्था की डुबकी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को लौहनगरी जमशेदपुर के विभिन्न नदी घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अहले सुबह से ही स्वर्णरेखा और खरकाई नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। लोगों ने पवित्र नदियों में स्नान कर भगवान विष्णु एवं भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की।
शहर के विभिन्न घाटों पर स्नान, ध्यान, पूजा-पाठ और दान-पुण्य का दौर चलता रहा। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में स्नान और जरूरतमंदों को दान करने की विशेष धार्मिक मान्यता है।
इसी क्रम में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी सोनारी स्थित स्वर्णरेखा और खरकाई नदी के दोमुहानी संगम पहुंचे। यहां उन्होंने पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाई और धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया।