सुबोध पात्रो की मौत के बाद न्याय की मांग, 48 घंटे से टाटा मोटर्स के गेट पर धरना जारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मजदूर सुबोध पात्रो की मौत के बाद परिजनों को न्याय, उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की मांग को लेकर बंटी सिंह परिजनों के साथ 22 नवंबर से टाटा मोटर्स के मुख्य गेट सहित अन्य गेटों पर धरने पर बैठे हैं। 48 घंटे बीतने के बावजूद कंपनी का कोई पदाधिकारी वार्ता के लिए नहीं पहुंचा है। बंटी सिंह के अनुसार, सुबोध पात्रो 16 मार्च को कंपनी में काम के दौरान तेल पर पैर फिसलने से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। छह महीने से अधिक समय तक कोमा में रहने के बाद 21 नवंबर को उनका निधन हो गया। परिजनों का आरोप है कि उन्हें कार्यस्थल दुर्घटना के तहत IOW सुविधा और इलाज में समुचित सहयोग नहीं मिला। आंदोलनकारियों ने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई, बकाया वेतन एवं वैधानिक लाभों के भुगतान और उचित मुआवजे की मांग की है। बंटी सिंह ने आरोप लगाया कि वार्ता के लिए बुलाए गए परिजनों को तीन घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। धरनास्थल पर पुलिस के साथ भी कई बार नोकझोंक हुई। इस बीच सुबोध पात्रो का शव अब भी अस्पताल में पड़ा हुआ है।

