बिहार चुनाव में झामुमो नाराज, झारखंड में महागठबंधन की स्थिरता पर सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
राँची।बिहार विधानसभा चुनाव में झामुमो को सीटों की हिस्सेदारी न मिलने से पार्टी नाराज है। झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने राजद पर राजनीतिक धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए बिहार की छह विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद झारखंड में महागठबंधन की समीक्षा की जाएगी।
झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि राजद को झारखंड में सम्मान दिया गया, उनके चार एमएलए झामुमो के स्टार प्रचारकों की वजह से हैं, लेकिन अब रिश्तों में खटास और गांठ आ गई है।
वहीं, राजद के प्रवक्ता कैलाश यादव ने कहा कि झारखंड में सरकार सहयोग से चल रही है और झामुमो को झारखंड में राजद पर धोखा देने का आरोप नहीं लगाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन की स्थिरता बनाए रखना जरूरी है।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि बिहार चुनाव के फैसले झारखंड में महागठबंधन के समीकरणों पर असर डाल सकते हैं।

