ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप में झारखंड का जलवा, 32 पदकों के साथ शानदार प्रदर्शन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 31 अगस्त : आसनसोल में 25 से 30 अगस्त तक आयोजित 10वीं ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप में झारखंड के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 32 पदक जीते। प्रतियोगिता में झारखंड के 165 शूटर्स ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। टीम ने 11 स्वर्ण, 13 रजत और 8 कांस्य पदक हासिल कर राज्य का गौरव बढ़ाया।
50 मीटर प्रोन पुरुष वर्ग में प्रतीक कुमार मेहता ने स्वर्ण और रिशु कुमार महतो ने रजत पदक जीता। महिला वर्ग में आकांक्षा ओझा ने स्वर्ण, सृष्टि किंडो ने रजत और सिवानी सोनी ने कांस्य पदक हासिल किया। 50 मीटर थ्री पोजिशन महिला वर्ग में तनु कुमारी ने स्वर्ण और मोनिका कुमारी ने रजत पदक जीता।
इसके अलावा 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल में सोनू प्रताप सिंह, 10 मीटर एयर राइफल जूनियर पुरुष वर्ग में अश्विन और 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल यूथ पुरुष वर्ग में संजय किस्कू ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 10 मीटर एयर राइफल महिला में अर्चना कुमारी, 10 मीटर एयर पिस्टल जूनियर पुरुष में चिराग कुमार और 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल जूनियर महिला में अंकिता बोस ने कांस्य पदक जीता।
झारखंड स्टेट राइफल एसोसिएशन के संयुक्त महासचिव मधुर अग्रवाल ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को गर्व का विषय बताते हुए कहा कि यह सफलता शूटर्स और कोचों की मेहनत का परिणाम है। क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ी दिसंबर में दिल्ली और भोपाल में होने वाली 69वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। एसोसिएशन के अध्यक्ष दिवाकर सिंह और महासचिव उत्तमचंद ने टीम के सभी खिलाड़ियों, कोचों और अधिकारियों को बधाई दी।

