बिष्टुपुर चाय विक्रेता पर हमले को लेकर झारखंड क्षत्रिय संघ का आक्रोश, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के बिष्टुपुर क्षेत्र में चाय बेचने वाली एक महिला के ऊपर गर्म चाय फेंककर किए गए अमानवीय हमले के खिलाफ अब सामाजिक संगठनों का आक्रोश सामने आने लगा है। इस घटना को लेकर झारखंड क्षत्रिय संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह घटना न केवल मानवता को शर्मसार करने वाली है, बल्कि समाज में असुरक्षा की भावना भी पैदा करती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ज्ञापन के माध्यम से संघ ने पीड़ित महिला को उचित इलाज और सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ आर्थिक सहायता देने की भी मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा।
इस दौरान कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर पीड़िता को न्याय दिलाने की आवाज बुलंद की।

