नगर निकाय चुनाव से पहले ट्रिपल टेस्ट जांच के लिए झारखंड पिछड़ा वर्ग आयोग की टीम जमशेदपुर पहुंची
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की टीम गुरुवार को ओबीसी आरक्षण के लिए किए जा रहे ट्रिपल टेस्ट की समीक्षा हेतु जमशेदपुर पहुंची। आयोग के अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव के नेतृत्व में टीम ने सर्किट हाउस में जिले के वरीय अधिकारियों और नगर निकाय पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक में नगर निकायों की स्थिति, ओबीसी मतदाताओं की संख्या और जातिगत स्थिति पर चर्चा की गई। टीम वार्डों में जाकर वोटर लिस्ट में दर्ज नाम, पिता या पति का नाम और जाति की स्पष्टता की जांच करेगी।

जानकी प्रसाद यादव ने बताया कि डोर-टू-डोर सर्वे के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जिनका नाम ओबीसी श्रेणी में है, उनकी जाति की पहचान स्पष्ट हो ताकि राजनीतिक आरक्षण में कोई बाधा न आए।

जमशेदपुर के बाद आयोग की टीम सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिलों का भी दौरा कर वहां की नगर निकायों में ट्रिपल टेस्ट की स्थिति की गहन समीक्षा करेगी। टीम में आयोग के सदस्य नरेश वर्मा भी शामिल रहे।



