जदयू ने किया मानगो नगर निगम की ढुलमूल कार्यप्रणाली पर जोरदार प्रहार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जनता दल (यूनाइटेड) ने गुरुवार को मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। जदयू नेताओं ने नागरिक सुविधाओं की बदहाली, होल्डिंग टैक्स में बेतहाशा वृद्धि, पेयजल संकट, साफ-सफाई, जलनिकासी और स्ट्रीट लाइट की खराब स्थिति को लेकर नगर निगम को कटघरे में खड़ा किया और चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
धरना कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव पप्पू सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सिंह, जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव और महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने निगम प्रशासन को जनविरोधी बताया। नेताओं ने कहा कि जब न सड़कें दुरुस्त हैं, न नालियां, न नियमित पानी और सफाई व्यवस्था, तो होल्डिंग टैक्स बढ़ाना जनता पर अन्याय है।
जदयू नेताओं ने निगम में दलाली, भ्रष्टाचार, अनियमित टेंडर प्रक्रिया और प्रमाणपत्र निर्माण में अव्यवस्था के आरोप भी लगाए। साथ ही स्पष्ट किया कि अगर हालात नहीं सुधरे तो युवा शक्ति सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगी।
धरना के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उप नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। कार्यक्रम में जदयू के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


