दंगा-रोधी मॉक ड्रिल में परखी गई जमशेदपुर पुलिस की तैयारी
गोलमुरी पुलिस केंद्र में भीड़ नियंत्रण व आपात स्थिति से निपटने का किया गया अभ्यास
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने बुधवार को पुलिस केंद्र, गोलमुरी में दंगा-रोधी मॉक ड्रिल आयोजित कर किसी भी विषम परिस्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और त्वरित कार्रवाई की तैयारियों का जायजा लिया। अभ्यास का नेतृत्व वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने किया, जबकि पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-प्रथम) भी मौजूद रहे।
मॉक ड्रिल में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने दंगा-रोधी उपकरणों के साथ भीड़ नियंत्रण, उपद्रवियों से निपटने, त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वित अभियान और आपातकालीन परिस्थितियों में कार्रवाई का अभ्यास किया। इस दौरान हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, शील्ड, लाठी, गैस मास्क समेत आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।
अधिकारियों ने जवानों को संयम, सतर्कता और रणनीति के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने कहा कि इस तरह के नियमित अभ्यास से पुलिस बल की कार्यकुशलता, समन्वय और आपात स्थितियों से निपटने की क्षमता मजबूत होती है तथा भविष्य में भी ऐसे मॉक ड्रिल आयोजित किए जाते रहेंगे।

