सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी मिथिलांचल सिदगोड़ा में शारदीय नवरात्र के लिए भूमि पूजन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। भाद्र शुक्ल पक्ष चतुर्थी तिथि के अवसर पर सोमवार, 14 सितंबर 2026 को सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी, मिथिलांचल, फूड प्लाजा सिदगोड़ा में शारदीय नवरात्र पूजा के लिए विधिवत भूमि पूजन किया गया। पुरोहित पंडित गोविंद झा ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ कमेटी के महासचिव धर्मेश कुमार झा से भूमि पूजन कराया।
इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। कमेटी के पदाधिकारियों एवं मिथिलांचल समाज के लोगों ने शारदीय नवरात्र के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन की कामना की।
कमेटी की ओर से बताया गया कि यहां दुर्गा पूजा का आयोजन पूर्ण रूप से मिथिलांचल की परंपरा एवं वैदिक पद्धति के अनुसार दस दिनों तक किया जाता है। जमशेदपुर, आदित्यपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले मिथिलावासी बड़ी संख्या में पूजा में शामिल होते हैं। आयोजन के माध्यम से मिथिलांचल की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को भी संरक्षित और जीवंत रखने का प्रयास किया जाता है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में कमेटी के अध्यक्ष मोहन ठाकुर, कार्यकारिणी अध्यक्ष सदाशिव झा, प्रमोद मिश्रा, महासचिव धर्मेश कुमार झा, कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार कर्ण, संयोजक राजेश कुमार झा, दिलीप झा, चंद्रभाल झा, श्याम कांत ठाकुर सहित मिथिलांचल समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित सदस्यों ने आगामी दुर्गा पूजा को भव्य, व्यवस्थित एवं श्रद्धापूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर तैयारियों पर भी चर्चा की।

