जमशेदपुर बंद आज: पुलिस हाई अलर्ट पर, शहरभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्र संवाद संवादाता
करनी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या और शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा गुरुवार, 3 जुलाई को बुलाए गए जमशेदपुर बंद को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
बंद के मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बिष्टुपुर, साकची, मानगो, गोलमुरी, जुगसलाई, कदमा, सोनारी और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल के साथ-साथ दंडाधिकारियों की भी तैनाती की गई है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जोनल आईजी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जमशेदपुर में कैंप कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों द्वारा सभी थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने तथा किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
भाजपा ने हिमांशु सिंह हत्याकांड में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर बंद का आह्वान किया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि बंद के दौरान कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

