जमशेदपुर: टाटा मोटर्स यार्ड में बोरिंग के दौरान हादसा, एक मजदूर की मौत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहर के औद्योगिक क्षेत्र स्थित टाटा मोटर्स के यार्ड में मंगलवार को बोरिंग कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यार्ड परिसर में मशीन से बोरिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक मशीनरी की चपेट में आने से दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में दोनों को उपचार के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान एक मजदूर ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के मेदनीनगर निवासी राम हरिदास के रूप में हुई है। वहीं दूसरे घायल मजदूर की पहचान गौरी हरि के रूप में की गई है, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
टेल्को थाना के एएसआई पवन कुमार ने बताया कि दोनों मजदूर पश्चिम बंगाल के मेदनीनगर क्षेत्र से काम की तलाश में जमशेदपुर आए थे और ठेका कंपनी के माध्यम से यार्ड में कार्यरत थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। घटना के बाद मजदूरों और उनके परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है।

