पूर्वी सिंहभूम की 28 बेटियों की ‘इसरो’ यात्रा, अंतरिक्ष तकनीक से लेकर रोबोटिक्स तक लिया ज्ञान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पूर्वी सिंहभूम के सरकारी विद्यालयों की 28 छात्राएं 11 अगस्त 2025 को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, श्रीहरिकोटा के शैक्षणिक भ्रमण पर गईं। साइंस ओलंपियाड से चयनित इस दल ने मिशन कंट्रोल सेंटर, लॉन्च पैड कॉम्प्लेक्स और सैटेलाइट इंटीग्रेशन एवं टेस्टिंग फैसिलिटी का निरीक्षण कर उपग्रह प्रक्षेपण, रॉकेट तैयारी और अंतरिक्ष तकनीक की बारीकियां सीखीं।

विशेषज्ञ वैज्ञानिकों ने उन्हें चंद्रयान और गगनयान मिशनों की चुनौतियों व उपलब्धियों से अवगत कराया। इसके बाद छात्राओं ने आर.एम.के इंजीनियरिंग कॉलेज का दौरा कर 3D प्रिंटिंग, ऑटोमेशन, AI, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स तकनीक देखी तथा इंजीनियरिंग के करियर अवसरों पर जानकारी प्राप्त की।

इस भ्रमण का नेतृत्व कार्यपालक दंडाधिकारी मृत्युंजय कुमार और सहायक निदेशक नेहा संजना खलखो समेत 7 प्रशिक्षकों की टीम ने किया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने इसे बेटियों के सपनों को पंख देने वाला अनुभव बताते हुए कहा कि यह अवसर उनके अंदर विज्ञान एवं तकनीक के प्रति जिज्ञासा और आत्मविश्वास को बढ़ाएगा।


