चाईबासा में ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ जांच अभियान, नशे में गाड़ी चलाने पर ₹10,000 जुर्माना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा | पश्चिमी सिंहभूम पश्चिमी सिंहभूम के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के संयुक्त निर्देश पर चाईबासा शहरी क्षेत्र में ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार और जिला यातायात प्रभारी संतोष कुमार के साथ सड़क सुरक्षा टीम के कर्मी भी मौजूद रहे। इस दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि सड़क हादसों के प्रमुख कारणों में ड्रंक एंड ड्राइव सबसे अहम है। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न इलाकों में ऐसे अभियानों को लगातार चलाया जाएगा। अभियान के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट की धारा-185 के तहत नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ वाहन जब्त करने और ₹10,000 का जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी।
यातायात प्रभारी ने कहा कि नशे की स्थिति में वाहन को संतुलित चलाना बेहद मुश्किल हो जाता है, जिससे वाहन चालक, यात्री और अन्य लोगों की जान खतरे में पड़ जाती है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
आम लोगों से अपील की गई है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, नशे में गाड़ी न चलाएं और सुरक्षित यात्रा का आनंद लें।

