चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने गेल इंडिया चेयरमैन से की मुलाकात, हर घर तक गैस पाइपलाइन पहुंचाने पर चर्चा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नई दिल्ली | चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह ने नई दिल्ली में गेल इंडिया के चेयरमैन संदीप गुप्ता से मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने चतरा लोकसभा क्षेत्र में घरेलू गैस पाइपलाइन नेटवर्क के विस्तार और हर घर तक गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की।

सांसद सिंह ने कहा कि चतरा समेत झारखंड के कई जिले आज भी पारंपरिक ईंधन जैसे लकड़ी और कोयले पर निर्भर हैं, जिससे ग्रामीण महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है और पर्यावरण पर भी नकारात्मक असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से राहत तो मिली है, लेकिन सिलेंडर की बढ़ती कीमतें और उसकी नियमित उपलब्धता अब भी चुनौती है।

सांसद ने आग्रह किया कि चतरा क्षेत्र के प्रमुख प्रखंडों और गांवों को जल्द से जल्द सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क से जोड़ा जाए। उनका मानना है कि इससे न केवल घरेलू गैस आपूर्ति आसान होगी बल्कि रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी पैदा होंगे।

गेल इंडिया के चेयरमैन संदीप गुप्ता ने सांसद की बातों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि कंपनी ग्रामीण क्षेत्रों तक पाइपलाइन गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि झारखंड में गैस ग्रिड का विस्तार प्राथमिकता पर है और चतरा को भी इसमें जल्द जोड़ा जाएगा।

बैठक के बाद सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि वह चतरा क्षेत्र की ऊर्जा सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार और संबंधित विभागों से लगातार संवाद कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि निकट भविष्य में चतरा के हर घर तक पाइपलाइन गैस सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।


