फतेहपुर प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: फतेहपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण करते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी ने शुक्रवार को कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति की जांच की गई तथा संधारित पंजियों का अवलोकन किया गया। कई कर्मियों द्वारा उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर नहीं किए जाने पर नाराजगी जताते हुए समय पर कार्यालय पहुंचने और नियमित उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के क्रम में आपूर्ति, कल्याण, मनरेगा, सीडीपीओ, आधार सेवा केंद्र सहित अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आमजनों की समस्याओं का समाधान प्रखंड स्तर पर ही सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कार्यालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। परिसर के चारों ओर उगी झाड़ियों की तत्काल सफाई कराने तथा जर्जर भवन की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। गैलरी में खड़े वाहनों को परिसर से बाहर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने तथा लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। मौके पर प्रखंड स्तरीय अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

