भारत ने तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतकर इतिहास रचा
टी20 विश्व कप जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी टीम इंडिया को बधाई
टी20 विश्व कप जीत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी टीम इंडिया को बधाई
टी20 विश्व कप जीत पर विधायक कल्पना सोरेन ने दी टीम इंडिया को बधाई
अहमदाबाद, आठ मार्च (भाषा) सूर्यकुमार यादव की टीम ने भारतीय क्रिकेट का एक और स्वर्णिम अध्याय लिखते हुए रविवार को न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर भारत को तीसरी बार टी20 विश्व कप दिलाया जिसमें संजू सैमसन की भूमिका अहम रही तो जसप्रीत बुमराह के योगदान को भी याद रखा जायेगा ।
भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली पुरूष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनी ।
इसके साथ ही तीन साल पहले इसी मैदान पर आस्ट्रेलिया से वनडे विश्व कप फाइनल हारने वाली रोहित शर्मा की टीम के पुराने जख्मों पर भी मरहम लग गया होगा ।
संजू सैमसन ने 46 गेंद में 89 और अभिषेक शर्मा ने 21 गेंद में 52 रन बनाकर भारत को पावरप्ले में ही 98 रन तक पहुंचाते हुए जीत की नींव रख दी थी । भारत ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर पांच विकेट पर 255 रन बनाये ।
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनेर को कोल मैकोंची की जगह जैकब डफी को अंतिम एकादश में उतारने का खामियाजा भुगतना पड़ा । करीब 86000 दर्शकों के सामने न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर आउट हो गई ।
मुंबई के चैंबूर में रहने वाले सूर्यकुमार ने अपना नाम महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के बाद टी20 विश्व कप जीतने वाले कप्तानों में शामिल कर लिया । वहीं लगातार दो टी20 विश्व कप जिताने वाले कोच गौतम गंभीर के योगदान को भी भुलाया नहीं जा सकता ।
जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर चार ओवर में 15 रन देकर चार विकेट चटकाते हुए साबित कर दिया कि वह दुनिया के नंबर एक तेज गेंदबाज क्यो है । उनका इस विश्व कप में प्रदर्शन क्रिकेट की किवदंतियों में शुमार रहेगा ।
आईपीएल के बड़े बड़े सितारों से भरी यह भारतीय टीम पहले ही से खिताब की सबसे प्रबल दावेदार मानी जा रही थी । हर मैच में एक नये ‘मैच विनर’ के साथ यह दावा और पुख्ता होता चला गया ।
भारतीय क्रिकेट में 2007 में पहले टी20 विश्व कप में मिली खिताबी जीत अगर ऐतिहासिक थी तो इस जीत को भी 2023 के जख्मों पर मरहम के रूप में याद रखा जायेगा ।
पूरे टूर्नामेंट में खराब फॉर्म से जूझ रहे अभिषेक शर्मा का बल्ला फाइनल में खूब चला । वहीं सैमसन ने अपने कैरियर का सबसे यादगार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश का दिल जीता ।
बुमराह के यॉर्कर, अक्षर पटेल के अकल्पनीय कैच और ईशान किशन की बल्लेबाजी की चर्चा बरसों तक होगी ।
अभिषेक ने 21 गेंद में 52 रन बनाये जबकि सैमसन ने 46 गेंद में 89 रन की पारी खेली । उन्होंने लांग आन, लांग आफ और स्क्वेयर लेग के ऊपर से कुल आठ छक्के लगाकर खचाखच भरे दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में बैठे दर्शकों को रोमांचित कर दिया ।
उन्होंने रचिन रविंद्र , लॉकी फर्ग्यूसन और मैट हेनरी की गेंदों की जमकर धुनाई करके मैदान के चारों ओर रन बनाये ।
वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ शानदार पारियां खेलने वाले केरल के सैमसन ने एक और जबर्दस्त पारी खेलकर अपने आलोचकों का मुंह बंद कर दिया ।
वहीं कश्मीर से कन्याकुमारी तक आलोचकों के कोपभाजन बने अभिषेक ने आखिरकार अपनी प्रतिभा के दर्शन कराते हुए न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों को दबाव में ला दिया । उन्होंने 18 गेंद में 50 रन बनाये और छक्के के साथ अर्धशतक तक पहुंचे ।
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनेर से नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच को भांपने में गलती हुई और टीम चयन में वह चूक गए । उन्होंने आफ स्पिनर कोल मैकोंची को नहीं चुना जिन्होंने सेमीफाइनल में क्विंटोन डिकॉक और रियान रिकेलटन को आउट किया था ।
अभिषेक ने मैकोंची की जगह खेल रहे जैकब डफी की गेंद पर पांच चौके लगाये । डफी ने तीन ओवर में 42 रन दे डाले और उन्हें कोई विकेट नहीं मिली ।
हेनरी ने चार ओवर में 49 रन दिये और एक विकेट चटकाया । भारत ने पावरप्ले के छह ओवरों में 92 रन बना लिये थे ।
रचिन रविंद्र ने अभिषेक को आउट करके 43 गेंद में बनी 98 रन की साझेदारी को तोड़ा । नये बल्लेबाज ईशान किशन ने रनगति कायम रखते हुए चार छक्के और चार चौके लगाये ।
सैमसन और ईशान ने 48 गेंद में 105 रन की साझेदारी करके भारत को 200 रन के पार पहुंचाया । जिम्मी नीशाम ने हालांकि सैमसन, ईशान और कप्तान सूर्यकुमार यादव (0) को 16वें ओवर में आउट करके रनगति पर अंकुश लगाने की कोशिश की लेकिन तब तक बड़ा स्कोर बन चुका था।
डफी को पहले ही ओवर में तीन चौके पड़े जबकि ग्लेन फिलिप्स ने दूसरा ओवर काफी किफायती डाला । अभिषेक ने फर्ग्यूसन और हेनरी को छक्के लगाये ।
टी20 विश्व कप जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी टीम इंडिया को बधाई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नई दिल्ली :प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी है। उन्होंने टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत को देश के लिए गर्व और खुशी का पल बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह शानदार जीत खिलाड़ियों की असाधारण प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और शानदार टीमवर्क का परिणाम है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन और जबरदस्त जज्बा दिखाया।
उन्होंने कहा कि इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। प्रधानमंत्री ने टीम इंडिया को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा, “शाबाश टीम इंडिया
टी20 विश्व कप जीत पर विधायक कल्पना सोरेन ने दी टीम इंडिया को बधाई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची :टी20 विश्व कप 2026 में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर विश्व विजेता बनने पर विधायक कल्पना सोरेन ने भारतीय क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।
उन्होंने कहा कि आज की यह जीत करोड़ों भारतीयों के सपनों और अटूट विश्वास की जीत है। भारतीय खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन, अनुशासन और टीम भावना से पूरे देश का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है।
कल्पना सोरेन ने कहा कि इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पूरा देश उत्सव मना रहा है और पूरा झारखंड भी टीम इंडिया की इस शानदार सफलता पर गर्व महसूस कर रहा है।
उन्होंने कामना की कि भारत आगे भी खेल के मैदान में ऐसे ही नए-नए इतिहास रचता रहे और देश का नाम रोशन करता रहे।
टी20 विश्व कप जीत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी टीम इंडिया को बधाई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची :मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने टीम इंडिया को टी20 विश्व कप 2026 जीतने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत करोड़ों भारतीयों के गर्व, विश्वास और जुनून की जीत है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अद्भुत कौशल, साहस और शानदार टीम भावना का परिचय दिया है, जिसकी बदौलत देश को यह ऐतिहासिक सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि पूरे देश के साथ-साथ झारखंड भी इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है और टीम इंडिया की इस जीत ने हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।

