भीषण गर्मी को देखते हुए शहर में पियाऊ की व्यवस्था, प्रशासन अलर्ट
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजनों को राहत पहुंचाने के लिए विशेष पहल शुरू की है। प्रशासन के निर्देश पर जामताड़ा एवं मिहिजाम शहरी क्षेत्रों के प्रमुख स्थानों पर पियाऊ केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां राहगीरों, श्रमिकों और आम नागरिकों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई है।
सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि पियाऊ केंद्रों पर नियमित रूप से साफ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध रहे तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके अलावा जिला एवं प्रखंड स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों, आवासीय परिसरों, सार्वजनिक स्थलों और चौक-चौराहों पर भी पेयजल सुविधा सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जहां पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है, वहां टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति, चापाकल मरम्मत एवं जलमीनारों के संचालन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। साथ ही लू से बचाव के लिए सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी गई है।

