जहानाबाद,
जहानाबाद जिले में भी बीते देर रात पुलिस ने अपराधी रावण का किया हाफ एनकाउंटर।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जहानाबाद में 21 मई की देर रात पुलिस मुठभेड़ में एक अपराधी को गोली लगी है. दो दिन पहले जहानाबाद के भेलावर थाना क्षेत्र में दीपक कुमार नाम के युवक की हत्या कर दी गयी थी, उसी की हत्या में गिरफ्तार बिक्कू सिंह उर्फ रावण को लेकर पुलिस इस कांड में प्रयोग में लाये गये हथियार को बरामद करने घोसी थाना क्षेत्र के धुरियारी गांव के निकट नहर किनारे पहुंची थी, इसी दौरान अपराधी रावण ने उसी हथियार से पुलिस पर फायरिंग कर दी।
अपराधी रावण की ओर से की गई फायरिंग में एक गोली घोसी थाना की गाड़ी में लगी, उसके बाद उसने वहां से भागने की कोशिश की. जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी, पुलिस की फायरिंग में अपराधी रावण के बायें पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर गया. पुलिस घायल को लेकर पीएचसी घोसी पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जहानाबाद सदर अस्पतला में भर्ती कराया गया ।
जहानाबाद के एएसपी मनोज कुमार पांडे ने बताया कि दो दिन पहले दीपक कुमार की हत्या के मामले में आरोपी रावण को गिरफ्तार किया गया था. उसकी निशानदेही ही पर पुलिस घोसी थाना क्षेत्र के धुरियारी गांव के निकट नहर किनारे से हथियार बरामद कर रही थी. जब अपराधी रावण ने छुपाया हुआ हथियार निकाला तो उसने उसी हथियार से पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया. अपराधी की फायरिंग से निकली गोली घोसी थाना की गाड़ी पर लगी और गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गयी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की जो अपराधी के बाएं पैर में लगी और वह वहीं पर गिर गया. पुलिस उसे उठाकर तुरंत इलाज के लिए पहले पीएचसी घोसी ले गई और वहां प्राथमिक उपचार के बाद फिर उसे सदर अस्पताल जहानाबाद लाया गया. जहां उसका इलाज किया जा रहा है. जहानाबाद सदर अस्पताल को पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. वहां मीडिया को जाने की इजाजत नहीं है. इलाज करने के लिए आने वाले रोगियों को भी पूछताछ करने के बाद केवल रोगी को अस्पताल में जाने दिया जा रहा है ।

