रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला-खरसावाँ जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रेयाड़दा के डुंगरडीह टोला में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार 05 अप्रैल 2026 को श्रवण सरदार ने अपनी पत्नी मोगरो देवी को लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के भाई गुरुबा सरदार के लिखित आवेदन के आधार पर चौका थाना कांड संख्या 13/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी श्रवण सरदार (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया गया। इसके अलावा घटनास्थल से खून लगी मिट्टी, कॉटन गॉज में लिया गया खून का नमूना तथा मृतका के खून से सना कपड़ा भी जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को 06 अप्रैल 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ अरविन्द कुमार बिन्हा, थाना प्रभारी सोनू कुमार, अनुसंधानकर्ता भगवान प्रसाद गौड़ सहित चौका थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। घटना के बाद इलाके में सनसनी और शोक का माहौल है।

