राष्ट्र संवाद संवाददाता
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। टाटा से चाईबासा आ रही मां पार्वती बस की चलियामा स्थित कुजू मोड़ के पास एक बाइक से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग सहायता के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को सड़क से उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम उसका इलाज कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार युवक के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मां पार्वती बस तेज रफ्तार से टाटा से चाईबासा की ओर जा रही थी, जबकि बाइक विपरीत दिशा से चलियामा की तरफ आ रही थी। कुजू मोड़ के पास दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं बस के अगले हिस्से के भी परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद बाइक चालक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरा। दुर्घटना के तुरंत बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को जब्त कर थाना ले गई है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। मुफस्सिल थाना पुलिस ने बताया कि घायल युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, क्योंकि उसके पास से कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है। आसपास के थानों को भी युवक की पहचान के लिए सूचना भेजी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से चलियामा-कुजू मोड़ पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और ट्रैफिक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस मोड़ पर पहले भी कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक सुरक्षा के पर्याप्त उपाय नहीं किए गए हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

