गोलमुरी फायरिंग और 20 लाख रंगदारी कांड का खुलासा, मुख्य आरोपी कुंडी और अमन कोलकाता से गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर
गोलमुरी थाना क्षेत्र में 28 मई को हुई फायरिंग और 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के सनसनीखेज मामले का जमशेदपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में मुख्य आरोपी कुंडी और अमन को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, 28 मई की रात गोलमुरी क्षेत्र में राज शाह के घर पर तीन राउंड फायरिंग की गई थी। फायरिंग के जरिए अपराधियों ने दहशत फैलाकर 20 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की थी। घटना के बाद शहर में हड़कंप मच गया था और पुलिस मामले की जांच में लगातार जुटी हुई थी।
पुलिस जांच के दौरान यह बात सामने आई कि इस घटना के पीछे कुख्यात अपराधी कुंडी का हाथ है। कुंडी पहले से ही चर्चित कन्हैया यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी रहा है और उसकी तलाश पुलिस को लंबे समय से थी। पुलिस की विशेष टीम लगातार विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही थी।
इसी क्रम में जमशेदपुर पुलिस ने कोलकाता में छापेमारी कर मुख्य आरोपी कुंडी और उसके सहयोगी अमन को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, जमशेदपुर और आसपास के अन्य इलाकों में की गई कार्रवाई के दौरान तीन अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया है।
अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मामले में कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना की साजिश कैसे रची गई तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस बड़ी सफलता को जमशेदपुर पुलिस के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

