भारतीय तीरंदाजों के लिए सुनहरा मौका AAI और एमिटी विश्वविद्यालय के बीच MoU, CHAMPS स्कॉलरशिप कार्यक्रम का शुभारंभ, अर्जुन मुंडा रहे उपस्थित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नई दिल्ली: भारतीय तीरंदाजी संघ (AAI) और एमिटी विश्वविद्यालय के बीच आज दिल्ली में एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अर्जुन मुंडा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस ऐतिहासिक समझौते के तहत CHAMPS स्पोर्ट्स स्कॉलरशिप कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी, जिसका उद्देश्य सीनियर, जूनियर और पैरा तीरंदाज़ों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, प्रतिस्पर्धा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है।

अर्जुन मुंडा, जो स्वयं भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष भी हैं, ने इस पहल को खिलाड़ियों के भविष्य को संवारने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि हमारे तीरंदाज केवल खेल में ही नहीं, बल्कि शिक्षा और जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करें। यह स्कॉलरशिप उनके समग्र विकास में सहायक सिद्ध होगी।”

एमिटी विश्वविद्यालय की ओर से भी इस सहयोग को खेल प्रतिभाओं के पोषण और शिक्षा के समन्वय का महत्वपूर्ण माध्यम बताया गया। यह साझेदारी भारतीय तीरंदाजी के विकास में एक नई दिशा प्रदान करेगी और युवा खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ शिक्षण क्षेत्र में भी मजबूती प्रदान करेगी।

