घाटशिला उपचुनाव: 11 नवंबर को सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदान, प्रशासन ने पूरी की तैयारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिला: आगामी 11 नवंबर को होने वाले घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने विस्तृत जानकारी दी।
डीईओ ने बताया कि 300 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। सभी बूथों की वेबकास्टिंग से निगरानी की जाएगी। 186 क्रिटिकल बूथों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी, जबकि 30 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए जाएंगे। शांतिपूर्ण मतदान के लिए 10 सीएपीएफ कंपनियाँ लगाई जाएंगी।
एसएसपी ने बताया कि सीमाओं को सील कर दिया गया है और होटल, धर्मशाला, लॉज आदि की सघन जांच जारी है ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश न हो।
प्रशासन ने बताया कि 9 नवंबर शाम 5 बजे से सभी प्रचार-प्रसार, सार्वजनिक सभा, जुलूस, टीवी-फिल्म प्रचार पर रोक रहेगी। साथ ही पूरे जिले में ड्राई डे घोषित किया गया है। मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में प्रचार, झंडा-बैनर, मोबाइल फोन और राजनीतिक गतिविधियाँ पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी।
अब तक आचार संहिता अवधि में 3.30 करोड़ रुपये मूल्य की सामग्री जब्त, 1233 हथियार जमा, 19 अवैध हथियार जब्त और 600 आरोपियों पर वारंट जारी किए गए हैं। प्रशासन ने शत-प्रतिशत मतदान और शांतिपूर्ण चुनाव की अपील की है।

