जर्जर सड़क मरम्मत की मांग को लेकर गौड़ सेवा संघ ने सांसद जमशेदपुर को दोबारा सौंपा ज्ञापन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गौड़ सेवा संघ, जमशेदपुर प्रखंड समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने MGM थाना क्षेत्र के देवघर पंचायत भवन से NH-33 केनदडीह होते हुए ईदल बेड़ा स्थित RVS कॉलेज तक 2.7 किलोमीटर जर्जर सड़क की मरम्मत एवं पहुंच पथ निर्माण की मांग को लेकर जमशेदपुर के सांसद को पुनः ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस सड़क मरम्मत की मांग वर्ष 2021 से लगातार उठाई जा रही है। विभिन्न संगठनों—गौड़ सेवा संघ, बिरसा मुंडा खेल एवं सामाजिक विकास संस्थान तथा मांझी बाबा देवघर—द्वारा पूर्व में उपायुक्त जमशेदपुर, विधायक जुगसलाई, सांसद जमशेदपुर, “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम, माननीय मुख्यमंत्री झारखंड, मुख्य न्यायाधीश झारखंड, माननीय प्रधानमंत्री एवं महामहिम राष्ट्रपति तक गुहार लगाई जा चुकी है। बावजूद इसके, लोकसभा और विधानसभा चुनाव सम्पन्न होने के बाद भी जनजातीय क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण कार्य आज तक शुरू नहीं हो सका है।
प्रतिनिधियों ने बताया कि जमशेदपुर के सांसद पहले ही पत्रांक 608/J/2024, दिनांक 28-12-2024 के माध्यम से इस सड़क मरम्मत हेतु सचिव, ग्रामीण विकास विभाग (गा.का.वि.), रांची को अनुशंसा भेज चुके हैं, फिर भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
सौंपे गए ज्ञापन के दौरान अभिमन्यु गोप, सानंद प्रधान (सांसद प्रतिनिधि), प्रहलाद गोप, सोनाराम मुर्मू, दिनेश गोप सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

