गदरा ड्राइवर कॉलोनी हत्या कांड: पांच नामजद आरोपी अब भी फरार, मृतक परिजनों को मिल रही जान से मारने की धमकी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर :गोविंदपुर थाना अंतर्गत गदरा ड्राइवर कॉलोनी में 17 मार्च को कनवाई चालक संजय कुमार श्रीवास्तव की पड़ोसियों द्वारा पीट-पीटकर की गई निर्मम हत्या मामले में पुलिस अब तक पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। वहीं, फरार आरोपी मृतक के परिजनों को केस उठाने की धमकी दे रहे हैं और ऐसा न करने पर जान से मारने की चेतावनी भी दे रहे हैं।

पुलिस अब तक इस कांड में शामिल 9 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है, लेकिन बाकी 5 आरोपी गिरफ्त से बाहर हैं। सोमवार को मृतक की बेटियां पुलिस मुख्यालय पहुंचीं और एसएसपी से मुलाकात कर एक मांग पत्र सौंपा। उन्होंने शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ-साथ अपने और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई।

परिजनों ने कहा कि फरार आरोपी खुलेआम धमकी दे रहे हैं, जिससे परिवार में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।


