251 श्रद्धालुओं का निःशुल्क कांवर यात्रा दल सुल्तानगंज के लिए रवाना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: कांवरिया बोल बम सेवा संघ के तत्वावधान में रविवार को 251 श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क कांवर यात्रा का आयोजन किया गया। मानगो के ओल्ड पुलिया रोड स्थित चाणक्यपुरी से पूजा-अर्चना और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ श्रद्धालुओं का जत्था सुल्तानगंज के लिए रवाना हुआ।

यात्रा का नेतृत्व वार्ड 32 की पार्षद प्रियंका सिंह परमार ने किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में सरयू राय मौजूद रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

संघ की ओर से सभी कांवरियों के लिए निःशुल्क यात्रा, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालु सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक कर सकें। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।


