चाकुलिया में मुख्य सड़क पर पहुंचे चार हाथी, मची अफरा-तफरी, कुछ देर बाधित रहा आवागमन
राष्ट्र संवाद संवादाता
पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया वन क्षेत्र में बुधवार की शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब चार जंगली हाथियों का एक दल माटिहाना-चाकुलिया मुख्य सड़क पर आ पहुंचा। शाम के समय सड़क पर हाथियों को देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथियों का झुंड पास के जंगल से निकलकर सड़क तक पहुंच गया था। हाथियों की मौजूदगी के कारण सुरक्षा की दृष्टि से माटिहाना-चाकुलिया मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। कई वाहन सड़क के दोनों ओर खड़े रहे और लोग हाथियों के हटने का इंतजार करते रहे।
इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर शोर मचाते हुए हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया। हालांकि वन्यजीव विशेषज्ञ ऐसे मामलों में लोगों से हाथियों के पास न जाने और उन्हें उकसाने से बचने की सलाह देते हैं, क्योंकि इससे जान-माल का खतरा बढ़ सकता है।
कुछ देर बाद हाथियों का दल धीरे-धीरे वापस जंगल की ओर लौट गया, जिसके बाद सड़क पर आवागमन सामान्य हो सका। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी सतर्क हो गई और इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना दें और स्वयं उन्हें भगाने का प्रयास न करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

