दिव्यांग बच्चों के साथ पूर्व पुलिस उपाधीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने बिताई आत्मीय शाम
बच्चों की मुस्कान और हिम्मत ने छुआ दिल, कहा—देखना आंखों से नहीं, दिल से होता है
राष्ट्र संवाद संवाददाता
झारखंड :पूर्व पुलिस उपाधीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने एक आत्मीय पहल के तहत दिव्यांग बच्चों के साथ शाम बिताई और उनके साथ रात्रि भोज में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत की, उनके साथ समय बिताया और उनकी खुशियों को करीब से महसूस किया।
अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि इन बच्चों के साथ बिताया गया समय उनके लिए बेहद भावुक और प्रेरणादायक रहा। उन्होंने कहा, “इन बच्चों ने हमें दिखाया कि देखना सिर्फ आंखों से नहीं, दिल से होता है। रात्रि भोज के दौरान उनके चेहरों की मुस्कान और उनके भीतर का साहस सचमुच दिल को छू गया।”
उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चे समाज के लिए प्रेरणा हैं। उनकी सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और जीवन के प्रति उत्साह यह संदेश देता है कि शारीरिक चुनौतियां किसी व्यक्ति के हौसले को सीमित नहीं कर सकतीं। जरूरत है कि समाज उन्हें सम्मान, सहयोग और समान अवसर प्रदान करे।
इस अवसर पर बच्चों के बीच आत्मीयता और खुशी का माहौल रहा। अरविंद कुमार सिंह ने बच्चों के साथ भोजन कर उनकी खुशियों में सहभागिता की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर केवल सेवा का माध्यम नहीं, बल्कि समाज से सीखने और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का अवसर भी हैं।

