मरीन ड्राइव पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर में घुसी, युवक-युवती मौके से हुए रवाना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मरीन ड्राइव मुख्य मार्ग पर मंगलवार रात एक तेज रफ्तार सफेद रंग की कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच डिवाइडर में जा फंसी. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. दुर्घटना में कार भी क्षतिग्रस्त हुई है. दुर्घटनाग्रस्त कार का नंबर JH05DE-8279 बताया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार मरीन ड्राइव मुख्य मार्ग से गुजर रही थी. इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सड़क के बीच बने डिवाइडर में जा फंसी. स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के वक्त कार में एक युवक और एक युवती सवार थे.

दुर्घटना के बाद दोनों कुछ देर तक मौके पर मौजूद रहे, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले वहां से चले गए. हालांकि दोनों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. घटना की सूचना मिलने पर सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन की जांच शुरू की. पुलिस वाहन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान कर रही है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था और उसमें कौन-कौन सवार थे. फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. कार की गति कितनी थी और वाहन में सवार लोग पुलिस के पहुंचने से पहले क्यों चले गए, इन बिंदुओं पर भी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

