राष्ट्र संवाद संवाददाता
संजीव सरदार ने पोटका प्रखंड के हाता बिरसा चौक में लगभग 4.50 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे बस स्टैंड सह मार्केट कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। पंचायती राज विभाग की इस महत्वाकांक्षी योजना में निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जहां करीब 40 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान विधायक ने भवन के डिजाइन एवं पानी रिसाव जैसी तकनीकी खामियों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों और संवेदक को जल्द सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा और नियमित निगरानी के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा किया जाए। विधायक ने बताया कि कॉम्प्लेक्स बन जाने से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, वहीं फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान मिलने से सड़क जाम की समस्या भी कम होगी। निरीक्षण के दौरान जिला अभियंता नकुल ठाकुर, जूनियर इंजीनियर राकेश कुमार एवं हरिओम कंस्ट्रक्शन के संवेदक मुकेश सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

