कपाली में रंगदारी नहीं देने पर जमीन कारोबारी पर फायरिंग, पैर में गोली लगने से घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां: जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या-5 में रंगदारी की मांग को लेकर अपराधियों ने एक जमीन कारोबारी पर फायरिंग कर दी। घटना में कारोबारी अफसर नवाज गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अफसर नवाज ज़ाकिरनगर रोड नंबर-20 के निवासी हैं। उन्होंने कपाली के वार्ड नंबर-5 में जमीन खरीद रखी है, जहां प्लॉट पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान तीन युवक पैदल वहां पहुंचे और कथित तौर पर रंगदारी की मांग करने लगे। अफसर नवाज द्वारा विरोध किए जाने पर एक युवक ने पिस्तौल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
फायरिंग में एक गोली अफसर नवाज के पैर में लगी, जो आर-पार निकल गई, जबकि दूसरी गोली उनके सिर को छूते हुए निकल गई। घटना के बाद हमलावर मौके से पैदल ही फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला रंगदारी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

