अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान: मॉल्स में आयोजित हुआ मॉक ड्रिल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर अग्निशमन विभाग द्वारा शहर में आग से सुरक्षा एवं सतर्कता के उद्देश्य से अग्नि सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। बुधवार को यह मॉक ड्रिल साकची सुपर सेंटर, ट्रेंड्स मॉल (साकची), दयालवधवन टावर (जुगसलाई) और ट्रेंड्स मॉल (जुगसलाई) में संपन्न हुआ।

मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने मॉल में कार्यरत कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, सुरक्षित निकासी के उपाय, तथा फायर एक्सटिंग्विशर और अन्य अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग की व्यवहारिक जानकारी दी।

ड्रिल का उद्देश्य था –
इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य यह था कि किसी आपातकालीन स्थिति में लोग घबराए बिना संयमित ढंग से प्रतिक्रिया दें और स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। मॉक ड्रिल के बाद प्रतिभागियों को फायर फाइटिंग उपकरणों का प्रयोग करने का अभ्यास भी कराया गया, जिससे उनकी प्रतिक्रिया क्षमता और आत्मविश्वास में वृद्धि हो।

नियमित आयोजन की दिशा में प्रयास
जिला प्रशासन द्वारा इस प्रकार की मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की योजना है, ताकि शहर के नागरिकों को आपदा प्रबंधन के प्रति सतर्क, जागरूक और सक्षम बनाया जा सके।


