साकची में होटल में लगी आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र स्थित गुरुद्वारा के समीप शुक्रवार सुबह एक होटल में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। होटल से उठती आग की लपटें देख स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जानमाल की क्षति नहीं हुई।
दमकल कर्मियों के अनुसार प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि यह इलाका शहर का पॉश क्षेत्र है और आसपास कई बहुमंजिला इमारतें सटी हुई हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

