त्योहार हमें जोड़ते हैं, तोड़ते नहीं : कुलबिंदर सिंह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। क़ौमी सिख मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता कुलबिंदर सिंह ने महानगर भाजपा अध्यक्ष सुधांशु ओझा के सोशल मीडिया बयान की निंदा करते हुए कहा कि हर त्यौहार समाज को जोड़ने का काम करता है, तोड़ने का नहीं।
उन्होंने कहा कि ओझा का पंजाबी, गुजराती, केरल और बंगाली समुदाय पर टिप्पणी करना अस्वीकार्य है। गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने कर्म को पूजा बताया है, ऐसे में किसी पेशे या समुदाय को नीचा दिखाना संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है।
कुलबिंदर ने कहा कि गांधी, पटेल, अंबानी, अडानी और टाटा जैसे गुजराती भारत की शक्ति हैं। बिहार गुरु गोबिंद सिंह की जन्मभूमि है, और देश की एकता का संदेश केरल के आदि शंकराचार्य ने दिया।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा नेतृत्व इसे पार्टी का अधिकृत बयान माने? उन्होंने इस बयान को प्रधानमंत्री मोदी, जे.पी. नड्डा, बाबूलाल मरांडी, राहुल गांधी और हेमंत सोरेन को टैग कर कार्रवाई की मांग की।

