आलोक स्टील इंडस्ट्रीज के खिलाफ ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रामगढ़ जिला के मांडू प्रखंड अंतर्गत बुढ़ाखाप स्थित आलोक स्टील इंडस्ट्रीज के मुख्य गेट के समक्ष विस्थापित एवं प्रभावित समिति के बैनर तले स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि फैक्ट्री से होने वाले प्रदूषण के कारण आसपास के ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती, तब तक उनका शांतिपूर्ण धरना जारी रहेगा। वहीं, इस मामले में कंपनी प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

