एसआईआर के विरोध में खेतिहर मजदूर यूनियन ने किया मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन
मतदाता सूची से हटाए गए नामों को फिर से शामिल करने और एसआईआर रद्द करने की उठायी मांग ।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
खोदावंदपुर/बेगूसराय। खोदावंदपुर अंचल अंतर्गत दौलतपुर में शनिवार को विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में पंचायत किसान कौंसिल एवं खेतिहर मजदूर यूनियन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग की गयी. कार्यक्रम का नेतृत्व बिहार प्रांतीय खेतिहर मजदूर यूनियन के नेता मोहम्मद अब्दुल कुदूस, मोहम्मद इस्माइल तथा जनवादी महिला समिति की नेत्री राजकुमारी देवी और सुनीता देवी ने किया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’, ‘मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ और ‘एसआईआर रद्द करो’ जैसे नारे लगाए. प्रदर्शनकारियों ने एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए मतदाताओं के नाम दोबारा शामिल करने की मांग की. साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति करने वाली समिति में केंद्रीय मंत्री की जगह सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पुनः शामिल करने की मांग उठायी. कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग से संबंधित वर्ष 2023 के कानून को रद्द करने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त को भी न्यायिक जांच की प्रक्रिया के दायरे में लाने की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मतदाता सूची में सभी पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित किए जाने चाहिये.
Breaking News Headlines खबरें राज्य से पटना बिहार बेगूसराय मुंगेर मुजफ्फरपुर राजनीति राष्ट्रीय समस्तीपुर

