राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सरायकेला जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिले तथा किसी व्यक्ति को एक ही काम के लिए बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
उपायुक्त ने प्रखंड एवं अंचल स्तर पर नियमित समन्वय बैठक, योजनाओं की सतत निगरानी और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम एक-दो दिन कार्यालय में रहकर आम लोगों की समस्याएं सुनने को कहा गया।
आपूर्ति विभाग को राशन वितरण में पारदर्शिता, स्टॉक मिलान और अनियमितता की शिकायतों की जांच का निर्देश मिला। शिक्षा विभाग को छूटे विद्यार्थियों के जन्म प्रमाणपत्र और बैंक खाते खुलवाने तथा उपस्थिति व शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने को कहा गया।
कृषि विभाग को किसानों के बीच बीज, उपकरण वितरण व तालाब जीर्णोद्धार में तेजी लाने, जबकि सामाजिक सुरक्षा विभाग को पेंशन लाभुकों का डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेशन पूरा करने का निर्देश दिया गया। मिशन वात्सल्य के तहत अनाथ व एकल बच्चों को स्पॉन्सरशिप से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में सतनाला डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने, नगर क्षेत्रों में स्वच्छता-पेयजल व्यवस्था मजबूत करने तथा सरकारी योजनाओं का स्थानीय भाषा में व्यापक प्रचार करने का निर्देश दिया गया।

