डॉ. अजय कुमार का जमशेदपुर दौरा: कांग्रेस प्रत्याशी को मजबूती या भीतरघात की आहट? सियासी चर्चाएं तेज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। नगर निगम चुनाव के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय कुमार का जमशेदपुर आगमन राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर रहा है। सवाल उठ रहे हैं कि उनका यह दौरा कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी के लिए संजीवनी साबित होगा या फिर पार्टी के भीतर असंतोष और भीतरघात की जबरदस्त एंट्री का संकेत है।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के बाद से डॉ. अजय कुमार जमशेदपुर की राजनीति से लगभग विमुख नजर आ रहे थे। लंबे अंतराल के बाद अचानक नगर निगम चुनाव के दौरान उनका शहर आगमन कई मायनों में अहम माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच इसे लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि डॉ. अजय कुमार सक्रिय रूप से चुनावी रणनीति में उतरते हैं तो इससे कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी को संगठनात्मक मजबूती और चुनावी बढ़त मिल सकती है। वहीं, दूसरी ओर यह भी चर्चा है कि पार्टी के अंदर चल रही खींचतान और गुटबाजी के बीच उनका दौरा नए समीकरणों को जन्म दे सकता है, जिसका असर चुनावी परिणामों पर भी पड़ सकता है।
फिलहाल डॉ. अजय कुमार के जमशेदपुर दौरे को लेकर कांग्रेस खेमे में उत्साह के साथ-साथ असमंजस की स्थिति बनी हुई है। आने वाले दिनों में उनके कार्यक्रम और गतिविधियां यह तय करेंगी कि यह दौरा पार्टी के लिए लाभकारी साबित होगा या राजनीतिक उलझनों को और बढ़ाएगा।

