राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बागुनहातु में शनिवार को घरेलू विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची महिला की मां भी इस घटना में घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार बागुनहातु निवासी रवि सिंह और उसकी पत्नी रेशमा सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच बहस और हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी रवि सिंह ने आपा खो दिया और घर में रखा चाकू उठाकर पत्नी रेशमा सिंह पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में रेशमा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
पत्नी की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां सुनीता कालिंदी मौके पर पहुंचीं और बेटी को बचाने का प्रयास करने लगीं। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की, जिससे वह भी घायल हो गईं। घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा। अस्पताल में पुलिस ने घायलों से पूछताछ भी की। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी रवि सिंह मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और पहले भी मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

