जामताड़ा की दिवाषी हेंब्रम मलेशिया में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत कुंडहित सदर पंचायत के कालीपाथर गांव के टोला ताराबाद की प्रतिभाशाली निशानेबाज दिवाषी हेंब्रम का चयन 4 से 7 मई तक मलेशिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एयरगन राइफल शूटिंग प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में हुआ है। 14 सदस्यीय भारतीय दल में शामिल होकर दिवाषी देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनके चयन से पूरे जामताड़ा जिले में खुशी का माहौल है।
इस उपलब्धि पर नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता के आवासीय कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान आशा गुप्ता, समाजसेवी तरुण गुप्ता और जिला ओलंपिक संघ के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दीपक दुबे ने दिवाषी को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और उपहार देकर सम्मानित किया।
आशा गुप्ता ने कहा कि यह जामताड़ा के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि बेटियां खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही हैं और प्रतिभावान खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। तरुण गुप्ता ने दिवाषी के बेहतर प्रदर्शन की कामना करते हुए कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले, राज्य और देश का नाम रोशन करेंगी।
दीपक दुबे ने बताया कि जनवरी 2026 में गोवा में आयोजित राष्ट्रीय एयरगन राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर दिवाषी ने भारतीय टीम में स्थान बनाया था। लगातार कड़ी मेहनत और प्रशिक्षण के दम पर अब उनसे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक की उम्मीद की जा रही है।

