नाला में आदिवासी संस्कृति संरक्षण हेतु पारंपरिक वाद्ययंत्रों का वितरण
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नाला प्रखंड परिसर में आईटीडीए/कल्याण विभाग की ओर से प्रखंड के सभी पंचायतों के आदिवासी संस्कृति एवं कला केंद्रों तथा धुमकुड़िया भवनों के लिए पारंपरिक वाद्ययंत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, उपायुक्त आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह और परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज सहित अन्य अतिथियों ने किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। धुमकुड़िया भवनों में पारंपरिक वाद्ययंत्र उपलब्ध कराने से युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सकेगी।
उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि यह पहल आदिवासी संस्कृति को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा कि वाद्ययंत्रों का सार्वजनिक उपयोग सुनिश्चित कर पारंपरिक कला और संस्कृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना आवश्यक है।
पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने सामूहिक सहभागिता पर जोर देते हुए आदिवासी कला-संस्कृति के संरक्षण को सभी की जिम्मेदारी बताया।
परियोजना निदेशक जुगनू मिंज ने बताया कि नाला प्रखंड की 23 पंचायतों के लिए तुम्दाक, टामाक, हारमोनियम और करताल सहित कुल 23 सेट उपलब्ध कराए गए हैं। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

