राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए गुरुवार को उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी नीतीश कुमार सिंह एवं अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के कार्यों की समीक्षा की, मतदाताओं से संवाद किया और अभियान को तेज गति से संचालित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने मतदाताओं की शंकाओं का समाधान करते हुए स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का उद्देश्य किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाना नहीं, बल्कि मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने कहा कि यह निर्वाचन आयोग की नियमित प्रक्रिया है, जिसके तहत वर्ष 2003 के बाद तैयार मतदाता सूची के आधार पर प्रत्येक मतदाता का सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बीएलओ को आवश्यक सहयोग दें, समय पर एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा करें और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराएं।
उपायुक्त ने बीएलओ को घर-घर जाकर अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने, लोगों की शंकाओं का समाधान करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर अभियान पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने बीएलओ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित समय में बड़ी संख्या में मतदाताओं तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण कार्य है। उन्होंने पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ शेष मतदाताओं का सत्यापन शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया।
गौरतलब है कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में एसआईआर अभियान की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने अभियान की गति बढ़ाने के लिए निगरानी तेज कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए बीएलओ के साथ-साथ आम नागरिकों का सहयोग भी आवश्यक है।

