राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में राजस्व संग्रहण, भू-अर्जन, नीलाम पत्र, जन शिकायत तथा टाटा लीज भूमि अतिक्रमण से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों को वर्तमान वित्तीय वर्ष के राजस्व लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि जो विभाग राजस्व संग्रहण में पीछे हैं, वे कार्ययोजना बनाकर लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करें। विशेष रूप से राज्यकर, खनन, विद्युत प्रमंडल मानगो, जमशेदपुर व घाटशिला, मोटर वाहन विभाग, मापतौल बिष्टूपुर व घाटशिला तथा मानगो, जुगसलाई और चाकुलिया नगर निकायों को वित्तीय वर्ष के अंत तक लक्ष्य हासिल करने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा गया।
नीलाम पत्र मामलों की समीक्षा में उपायुक्त ने सभी 25 नीलाम पत्र पदाधिकारियों को लंबित और नए मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए। साथ ही 14 मार्च को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निपटारे के लिए लोगों को जागरूक करने को कहा गया।
भू-अर्जन मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि भूमि अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान के कारण कोई भी राष्ट्रीय या राज्य परियोजना प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इस दौरान बुरामारा–चाकुलिया नई ब्रॉडगेज रेलवे लाइन परियोजना (56.96 किमी) सहित कई सड़क और पुल परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में निदेशक एनईपी सह अपर उपायुक्त संतोष गर्ग, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, जिला परिवहन पदाधिकारी धन्नजय, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, एनएचएआई, टाटा स्टील और रेलवे के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

