उपायुक्त ने जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र का किया निरीक्षण, नागरिक सेवाओं में सुधार के दिए निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर नागरिक सुविधाओं और सेवाओं में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद कार्यालय, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, डंप यार्ड, पार्क और आयुष्मान आरोग्य मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सफाई व्यवस्था, फाइल संधारण, नागरिक सेवाओं की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए कार्यालय व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित करने और मार्केट प्लेस में बनी दुकानों का शीघ्र आवंटन करने का निर्देश दिया।

पार्क निरीक्षण में बेहतर रखरखाव, स्वच्छता और दिन में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। डंप यार्ड में कचरा प्रबंधन की स्थिति का जायजा लेकर ठोस अपशिष्ट निस्तारण में लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दी गई।

वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण कर इसे नगर परिषद को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने और पेयजल आपूर्ति में जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा। आयुष्मान आरोग्य मंदिर में दवा भंडारण, चिकित्सा कर्मियों की उपस्थिति और सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निरीक्षण में चिन्हित सभी मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।


