नशामुक्त भारत की ओर कदम: ‘मानस’ पोर्टल और टोल फ्री नंबर 1933 से दें नशे की सूचना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। नशीली दवाओं के अवैध व्यापार और दुरुपयोग को रोकने के लिए भारत सरकार ने राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन पोर्टल ‘मानस’ (Mental Health and Normalcy Augmentation System) की शुरुआत की है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक 24×7 टोल फ्री नंबर 1933 पर कॉल कर नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी दे सकते हैं।

इस हेल्पलाइन पर नशीली दवाओं की तस्करी, अवैध बिक्री, खरीद, भंडारण, निर्माण या गैरकानूनी खेती से जुड़ी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के अधिकारी इन सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करेंगे।

पूर्वी सिंहभूम जिले में नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी नागरिक स्थानीय स्तर पर टोल फ्री नंबर 112 या पुलिस कंट्रोल रूम 0657-2431028 पर भी दे सकते हैं। सरकार का लक्ष्य समाज को मादक पदार्थों की गिरफ्त से मुक्त कर नशामुक्त भारत का निर्माण करना है। नागरिकों से अपील है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।



